ऊधम सिंह नगरः मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष! लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला, महिलाओं-बच्चों तक को नहीं बख्शा! पूरी वारदात CCTV में कैद

Udham Singh Nagar: A minor dispute escalated into a bloody conflict! Attacked with sticks and sharp weapons, even women and children were not spared! The entire incident was captured on CCTV.

बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डण्डों के साथ-साथ हथियार भी निकल आए। इस झड़प में न सिर्फ कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए, बल्कि महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा गया। जानकारी के अनुसार बाजपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए कार से उसके घर पहुंचा था। लेकिन उसका यह दौरा अचानक हिंसा में बदल गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने उस व्यक्ति को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी कार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए, जब दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। हमले के दौरान पीड़ित व्यक्ति अपनी जान बचाने के लिए घर के अंदर भागा, लेकिन जब परिवार के लोग उसे बचाने बाहर आए, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।

एक सदस्य को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक अन्य व्यक्ति को लोहे की रॉड से बुरी तरह घायल कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि हमलावरों ने महिलाओं को भी नहीं छोड़ा। आरोप है कि घर की महिलाओं के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला घायल हो गईं। वहीं दो नाबालिग लड़कियों के साथ अभद्रता किए जाने के भी गंभीर आरोप लगे हैं। परिवार की एक अन्य महिला, जो बीच-बचाव के लिए आगे आई थीं, उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। इस पूरी घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलावरों की दबंगई साफ नजर आ रही है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ विभव सैनी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।