पंतनगर: नगला के प्राचीन दुर्गा मंदिर में चोरी का मामला! एसएसपी तक पहुंची बात तो दर्ज हुई एफआईआर

Pantnagar: A case of theft at the ancient Durga Temple in Nagla! An FIR was registered after the matter reached the SSP.

रुद्रपुर। पंतनगर नगला स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। लंबे समय से जारी इन वारदातों के चलते क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में वरिष्ठ पत्रकार और आवाज़ इंडिया के संपादक सुनील मेहता ने बताया कि वर्ष 2023 से मंदिर को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। चोर कभी मंदिर के कलश पर हाथ साफ कर रहे हैं तो कभी दान पात्र से नकदी चोरी कर रहे हैं। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब दो बार पूरा दान पात्र ही उठाकर ले जाया गया। वारदातों का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज के अनुसार 28 दिसंबर 2025 की रात करीब 2ः10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसता दिखाई देता है। गेरुआ वस्त्र पहने इस संदिग्ध ने दान पात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी की और मौके से फरार हो गया। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में हुई चोरियों की फुटेज भी सुरक्षित है, जिससे साफ जाहिर होता है कि आरोपी बिना किसी डर के लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इन घटनाओं के चलते स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ती जा रही हैं। थाना पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

पंतनगर पुलिस ने नहीं सुनी बात, एसएसपी तक पहुंचा मामला तो हुई एफआईआर
बता दें कि नगला में प्राचीन दुर्गा मंदिर में पहले भी चोरी की वारदाते घटित हो चुकी हैं और कई बार पंतनगर पुलिस को मामले की शिकायत की गयी, बावजूद इसके पुलिस ने इस तरफ जरा भी ध्यान नहीं दिया, जिसके चलते चोरों के हौंसले बुलंद होते गए। जब कई बार शिकायत करने पर भी पंतनगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो आवाज इंडिया ने एसएसपी अजय गणपति को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। ऐसे में पंतनगर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते हैं।