दुखदः कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र का शव मिला! 6 दिन पहले पड़ोसी के दरवाजे पर मिला था लैपटॉप और बैग, भारतीय दूतावास ने की पुष्टि

Tragic: Missing Indian student's body found in California! Laptop and backpack found on neighbor's doorstep 6 days ago, Indian Embassy confirms

नई दिल्ली। अमेरिका के कैलिफोर्निया में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव मिला है। वह करीब 6 दिन से लापता थे, जिसके बाद उनकी तेजी से तलाश की जा रही थी। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि पुलिस ने भारतीय छात्र का शव बरामद कर लिया है। कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में केमिकल और बायोमोलेक्यूलर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे और 9 फरवरी को लापता हो गए थे। इसे लेकर वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी कि हमें गहरा खेद है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद होने की पुष्टि कर दी है। इस अत्यंत कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं। वाणिज्य दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है, जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस भेजने की व्यवस्था करना शामिल है। हमारे कांसुलर अधिकारी परिवार के साथ सीधे संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं और सेवाओं में उनका सहयोग करेंगे। बता दें कि साकेत श्रीनिवासैया आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र थे और बर्कले में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे। उन्होंने बेंगलुरु के श्री वाणी एजुकेशन सेंटर से पढ़ाई की है। उनका कद छह फीट एक इंच, वजन लगभग 160 पाउंड, छोटे काले बाल और भूरी आंखें बताई जाती हैं। श्रीनिवासैया उन छह लोगों में शामिल थे जिनके पास हाइपरलूप के लिए माइक्रोचैनल कूलिंग सिस्टम और उसकी विधि के विकास का पेटेंट था।