दर्दनाक हादसा: भूमियाधार हनुमान मंदिर के पास खून से लथपथ मिले युवक की इलाज के दौरान मौत

Tragic incident: A young man found covered in blood near Bhumiyadhar Hanuman Temple died during treatment.

हल्द्वानी के भवाली रोड पर भूमियाधार हनुमान मंदिर के समीप शुक्रवार तड़के एक युवक के घायल अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंदिर के पास गांव की ओर जाने वाली पगडंडी में खून से सना हुआ युवक पड़ा देख स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय बीडी पांडे हल्द्वानी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय स्थानीय ग्रामीण इंद्र कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और मौके की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक देर रात पगडंडी से गुजरते समय पैर फिसलने के कारण गिर गया होगा और गंभीर रूप से घायल हो गया। ठंड अधिक होने के कारण वह रातभर वहीं पड़ा रहा, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर घटना का खुलासा हुआ। घटना की सूचना जिला चिकित्सालय प्रशासन द्वारा मल्लीताल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने पंचनामा भरने की कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमियाधार हनुमान मंदिर के आसपास की पगडंडियां संकरी और फिसलन भरी हैं, जहां रात के समय आवाजाही करना जोखिम भरा होता है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और खतरनाक रास्तों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।