दर्दनाकः यूपी के रायबरेली में खौफनाक हादसा! गंगा एक्सप्रेसवे पर कार ने मचाया मौत का तांडव, चार युवतियों ने गंवाई जान

 Tragic: Horrific accident in Rae Bareli, Uttar Pradesh! Four young women lost their lives when a car struck on the Ganga Expressway.

रायबरेली। यूपी के रायबरेली में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, यहां निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर जनौली गांव के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक कोडर गांव के कुछ लोग चुली गांव में आयोजित भंडारे से लौट रहे थे और एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में 23 वर्षीय हिमांशी और 22 वर्षीय शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां 14 वर्षीय रश्मी और 22 वर्षीय आसमा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना में रिया पटेल, प्रिया पटेल, साधना, मीना और रेशमा घायल हुई हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और चार अन्य घायल हुए हैं। बताया जाता है कि ये सभी लोग चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गई थीं। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद सभी निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे से पैदल ही घर के लिए निकलीं। देर रात एक्सप्रेसवे से गुजर रही कार ने सभी युवतियां को रौंद दिया। हादसे की जानकारी पर आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को सीएचसी जगतपुर पहुंचाया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा हुआ है।