उत्तराखण्ड में दर्दनाक हादसाः अंतिम संस्कार के लिए गांव लौट रही एम्बुलेंस गहरी खाई में गिरी! एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, पसरा मातम
चमोली। उत्तराखंड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ताजा घटनाक्रम चमोली जिले से सामने आया है, यहां शनिवार सुबह देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। देहरादून से अपने गांव लौट रही एक निजी एम्बुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल में उपचार चल रहा है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें एयर एम्बुलेंस से हायर सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने परिजन स्वर्गीय भजन सिंह के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए देहरादून से गांव ला रहे थे। भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद परिजन निजी एम्बुलेंस के माध्यम से उनका शव लेकर गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस के साथ बलबीर सिंह और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी एक ईको वैन में यात्रा कर रहे थे। तड़के जब वाहन ल्वाणी गांव के पास पहुंचा तो अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और एम्बुलेंस गहरी खाई में जा गिरी। एक दुखद संयोग यह भी रहा कि जिस वाहन में एक परिजन का पार्थिव शरीर गांव लाया जा रहा था, उसी सफर में परिवार के तीन और सदस्यों की जिंदगी भी खत्म हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्गम क्षेत्र और गहरी खाई होने के बावजूद बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि दुर्घटना शनिवार सुबह हुई। वाहन देहरादून से लोहाजंग की ओर जा रहा था। हादसे में तीन लोगों की मृत्यु हुई है जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। इस हादसे ने ग्राम बांक और आसपास के क्षेत्रों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस परिवार पर पहले ही एक सदस्य के निधन का दुख था, उसी परिवार ने कुछ ही घंटों के भीतर अपने तीन और सदस्यों को खो दिया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में 52 वर्षीय बलबीर सिंह, 48 वर्षीय शांति देवी, 18 वर्षीय आंशु बिष्ट की मौत हो गयी। जबकि 32 वर्षीय कविता देवी, 8 वर्षीय मयंक सिंह और 18 वर्षीय रोशनी घायल हो गयी। फिलहाल प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।