पंतनगर में दर्दनाक हादसाः डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत! पार्टी से लौट रहे थे दोनों, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

Tragic accident in Pantnagar: Two bike riders killed after being hit by a dumper! They were returning from a party, leaving their families heartbroken.

पंतनगर। उधमसिंह नगर के पंतनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा दरऊ चौक के पास उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार डम्पर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 62 वर्षीय मोहन स्वरूप पुत्र सुखलाल और 45 वर्षीय हसिक अहमद पुत्र फकीर अहमद के रूप में हुई है। दोनों रामपुर जिले के ग्राम लखीमीपुर, थाना खजुरिया के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों पंतनगर के फूलबाग इलाके में शाकिर अहमद के यहां आयोजित एक पार्टी में शामिल होने आए थे। पार्टी के बाद जब वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी दरऊ चौक के पास यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और डंपर चालक की तलाश की जा रही है।