मथुरा में दर्दनाक हादसाः श्मशान बनी सड़क, लगा लाशों का ढेर! छह यात्रियों की मौत, मंजर देख सहम गए लोग
मथुरा। यूपी के मथुरा से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े यात्रियों को रौंद दिया। इस भयावह घटना में एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना शनिवार तड़के करीब 2ः45 बजे घटी। दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। हालांकि बस चालक ने यात्रियों को सुरक्षित ग्रीन जोन में न रोककर सड़क के किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले तो बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। मृतकों की पहचान सोनू, देवेश, असलम, संतोष, अनुराग, प्रमोद के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख.पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए भागे और भारी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया है। पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया है।