आज संसद के बजट सत्र का 10वां दिन:सांसदों के निलंबन और राहुल गांधी के मुद्दे पर सरकार-विपक्ष आमने-सामने
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र का आज 10वां दिन है, लेकिन सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध अब भी खत्म होता नजर नहीं आ रहा है। लोकसभा से आठ सांसदों के निलंबन और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कथित तौर पर बोलने का अवसर न दिए जाने के मुद्दे पर विपक्ष का विरोध लगातार जारी है। हंगामे के चलते आज भी लोकसभा की कार्यवाही प्रभावित रहने और स्थगित होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि राज्यसभा में शोर-शराबे के बावजूद कामकाज आगे बढ़ाया जा रहा है। लोकसभा में विपक्षी दलों ने आज भी स्पीकर ओम बिरला को कार्यस्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसदों ने सदन में अहम मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग की है। विपक्ष का आरोप है कि लोकतांत्रिक परंपराओं की अनदेखी करते हुए उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। वहीं, सत्तापक्ष का कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सदन की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
इधर, राज्यसभा में आज बजट 2026 पर चर्चा पूरी होने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के जवाब देने की संभावना है। बजट को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है। इस बीच लोकसभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर भी विस्तृत चर्चा कराने की मांग उठाई है। लोकसभा में बजट 2026 पर चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन बीते दिनों की तरह आज भी कार्यवाही के सुचारु रूप से चलने पर सवाल बने हुए हैं। 9 फरवरी को प्रश्नकाल के दौरान हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई थी। बाद में दोपहर में कार्यवाही शुरू होने के बावजूद गतिरोध बना रहा और अंततः करीब सवा दो बजे लोकसभा को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था। उस दिन स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से सदन की गरिमा बनाए रखने और कार्यवाही चलाने में सहयोग करने की अपील की थी। इस बीच भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर लोकसभा में प्रधानमंत्री की सीट का घेराव करने और वेल में आकर प्रदर्शन करने वाले सांसदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि इस तरह के आचरण से सदन की मर्यादा को ठेस पहुंची है। विपक्ष की ओर से लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारियों की खबरों के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर सदन में बोलने से रोका जा रहा है, जबकि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि स्पीकर के साथ हुई बैठक में ऐसी कोई सहमति नहीं बनी थी। कुल मिलाकर, बजट सत्र का 10वां दिन भी सियासी टकराव और हंगामे की भेंट चढ़ता दिख रहा है।