सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी की तारीख तय! 8 जून को होगी रिंग सेरेमनी, इस दिन लेंगे सात फेरे

लखनऊ। सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी की तारीख तय हो गयी है। खबरों के मुताबिक प्रिया और रिंकू सिंह आगामी 18 नवंबर को सात फेरे लेंगे। शादी से पहले 8 जून को दोनों की रिंग सेरेमनी लखनऊ के एक होटल में आयोजित होगी, जिसमें परिवार और करीबी रिश्तेदार शामिल होंगे। बता दें कि इसी साल जनवरी में क्रिकेटर रिंकू सिंह का समाजवादी पार्टी की सांसद से रिश्ता पक्का हुआ था। दोनों का रोका हो चुका है और अब सगाई होने जा रही है। रिंकू की मंगेतर समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज हैं। 26 साल की सरोज ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत हासिल की थी। उन्होंने बीपी सरोज को 35850 वोटों के अंतर से हराया था। प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी में हुआ था। प्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली स्थित एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से आर्ट्स में स्नातक किया। फिर उन्होंने नोएडा में एमिटी विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज भी तीन बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। तूफानी सरोज फिलहाल केराकत सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक हैं। बता दें कि प्रिया सरोज की एक सहेली के पिता क्रिकेटर रहे हैं जिनकी रिंकू से जान पहचान है। सहेली के पिता ने ही प्रिया की रिंकू से मुलाकात कराई थी। प्रिया सरोज भारत की सबसे युवा महिला सांसद हैं। प्रिया जब लोकसभा के लिए चुनी गई थीं तो उनकी उम्र 25 साल 6 महीने और 12 दिन थी।