बदलने वाला है मौसम का मिजाजः उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में बारिश के आसार! मैदानी राज्यों में आंधी और वज्रपात की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

The weather is about to change: Rain is expected in several states, including Uttarakhand! Thunderstorms and lightning are expected in the plains, with the Meteorological Department issuing an alert.

देहरादून। उत्तराखण्ड के साथ ही देशभर में कई जगहों पर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इसको लेकर विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने की संभावना है। ऐसे में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं भारत मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 14 मार्च से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि देश के कुछ हिस्सों, खासकर गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गर्मी और लू का असर जारी रहने की आशंका भी बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 15 से 18 मार्च के बीच इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।