उत्तराखण्ड में मौसम के तल्ख तेवरः बारिश, आंधी और बर्फबारी का अलर्ट! तापमान में गिरावट, विशेष सावधानी बरतने की अपील

The weather in Uttarakhand is turning harsh: Rain, storms, and snowfall are on alert! Temperatures are dropping, and people are urged to take extra precautions.

देहरादून। उत्तराखण्ड में एक बार फिर मौसम के तल्ख तेवर देखने को मिल रहे हैं।  मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। यहां गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। खासतौर पर बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 1 से 2 दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने, बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। फिलहाल उत्तराखण्ड में मौसम का यह बदला मिजाज लोगों के लिए राहत और चुनौती दोनों लेकर आया है।