उत्तराखण्ड में बदला मौसम का मिजाजः पहाड़ से लेकर मैदान तक झमाझम बारिश! तापमान में आई गिरावट, तूफान को लेकर बड़ा अलर्ट
देहरादून/नैनीताल। उत्तराखण्ड में आज रविवार को मौसम का मिजाज बदला और पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट देखने को मिली और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर की तेज रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में तेज हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश होने की भी संभावना है और ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।
इधर सरोवर नगरी नैनीताल में भी आज मौसम ने अचानक अपना रंग बदला, जिसके बाद से तेज बारीश शुरू हो गई। बारिश के साथ ओले भी पडे़, जिसके बाद शहर के तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद पारा नीचे लुढ़कने से ठंडक लौट आई है। आस-पास के पर्वतीय इलाकों जैसे रामगढ़, भवाली, मुक्तेश्वर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बता दें कि विंटर सीजन में ना के बराबर बारिश होने से सूखे जैसे हालात हो गए थे।