पिथौरागढ़ के थल में ‘सतनाम क्लीनिक’ विवादः नाम और धार्मिक प्रतीकों को लेकर हंगामा! हिन्दूवादी संगठन से जुड़े लोग भड़के, 10 हजार का जुर्माना

The "Satnam Clinic" controversy in Thal, Pithoragarh: Uproar over the name and religious symbols! Members of a Hindu organization are enraged, and a fine of 10,000 is imposed.

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के थल कस्बे में पिछले दिनों एक डेंटिस्ट क्लीनिक को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि मोहम्मद दानिश नामक एक डेंटिस्ट द्वारा ‘सतनाम क्लीनिक’ के नाम से क्लीनिक चलाया जा रहा था और क्लीनिक के भीतर भगवान शिव की तस्वीर भी लगाई गई थी। इसको लेकर राष्ट्रीय सेवा संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई और इसे लोगों को गुमराह करने की कोशिश बताया। मामले की जानकारी होने पर संघ के पदाधिकारी हिमांशु जोशी, आशुतोष पाठक और स्वामी विवेकानंद सरस्वती मौके पर पहुंचे और क्लीनिक का निरीक्षण किया। उनका आरोप है कि नाम और धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल कर आम जनता को भ्रमित किया जा रहा है। इसके अलावा, क्लीनिक के लेटर पैड पर दर्ज अन्य डॉक्टरों की मौके पर अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठाए गए। संघ पदाधिकारियों ने यह भी दावा किया कि क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियां सामने आई हैं, जिनकी जांच की जानी चाहिए। दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम विगत 25 मार्च का बताया जा रहा है और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हंगामा बढ़ने के बाद यह मामला थल थाने तक पहुंच गया। थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संबंधित डेंटिस्ट की डिग्री सही पाई गई है। हालांकि क्लीनिक में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था, जिसके चलते 10,000 रुपये का चालान किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग से भी इस मामले में जांच की मांग की गई है। पिथौरागढ़ के सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल का कहना है कि विभाग को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसपर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।