आखिरी सफरः अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार! पिथौरागढ़ निवासी पति-पत्नी की मौत, परिवार में पसरा मातम
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में रविवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर घाट के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार योगेश कुमार और उनकी पत्नी निधि आर्या की मौत हो गई। बताया जाता है कि दोनों बारात से लौट रहे थे, तभी उनके साथ हादसा हो गया। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि मटेला बैंड से करीब एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। एसडीआरएफ टीम को अंधेरे की वजह से रेस्क्यू में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। किसी तरह से शवों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना (पिथौरागढ़) में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी रानीखेत में सरकारी नौकरी करती थी। बताया जा रहा है कि दोनों गंगोलीहाट में अपने चाचा के साले के बेटे की बारात में शामिल होने गए थे। बारात लोहाघाट पहुंचने के बाद वो पिथौरागढ़ लौट रहे थे। तभी घाट के पास उनकी कार असंतुलित होकर खाई में गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए। ऐसे में बमुश्किल शवों को निकाला जा सका।