उत्तराखण्ड में फिर दिखा तेज रफ्तार का कहर! बारात में आई कार ने बच्चे को रौंदा, गुस्साए ग्रामीणों ने कार में की तोड़फोड़, युवकों को बनाया बंधक
रुड़की। उत्तराखण्ड में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में स्टंट कर रहे बारातियों की कार ने मासूम बच्चे को रौंद दिया, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ ने कार में तोड़फोड़ कर दी और बारातियों को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की भीड़ और अधिक आक्रोशित हो गईं, जिसके बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल कई थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में मासूम बच्चे को हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के एक गांव से भगवानपुर थाना क्षेत्र के टकाभरी गांव में बारात आई हुई थी, बताया गया है कि बारात में कुछ युवकों ने शराब पी रखी थी और नशे की हालत में युवक बाग में स्टंट कर रहे थे, इसी दौरान सत कुमार का 10 वर्षीय बेटा विशु कार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना जैसे ही गांव फैली तो आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया और बारातियों को बंधक बना लिया। मामले की सूचना पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण पुलिस की बात भी सुनने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंधक बनाए गए बारातियों को ग्रामीण के चंगुल से छुड़ाया गया। वहीं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले को शांत कराया। इधर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।