अब युद्ध का चेहरा बदल चुका है, अदृश्य हथियारों से निपटने को रहें तैयार

The face of war has changed; be prepared to deal with invisible weapons.

आधुनिक रक्षा तकनीकों और बदलते वैश्विक परिदृश्यों के बीच भारत ने अपनी सैन्य तैयारियों को भविष्य के युद्धों के अनुकूल ढालना शुरू कर दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना के नए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि आज की लड़ाइयां केवल सैनिकों और पारंपरिक हथियारों तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि अब युद्ध का पूरा स्वरूप ही बदल चुका है। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित एयर फोर्स अकादमी में 217वें कोर्स की संयुक्त स्नातक परेड को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने पासिंग आउट कैडेट्स में नया जोश फूंका। उन्होंने भविष्य के युद्धों की अनिश्चितताओं से निपटने के लिए युवा सैन्य अधिकारियों को "AAA" यानी एडाप्ट , अडॉप्ट और अमेंड का गुरुमंत्र दिया।

परेड की सलामी लेने के बाद रक्षा मंत्री ने तकनीकी युद्ध की चुनौतियों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पहले के दौर में युद्ध का मैदान सैनिकों और बंदूकों से तय होता था, लेकिन आज का परिदृश्य बिल्कुल अलग है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगाह करते हुए कहा: आज ड्रोन, सैटेलाइट, रडार, एडवांस सेंसर और रोबोटिक सिस्टम युद्ध का अहम हिस्सा बन चुके हैं। कई बार स्थिति ऐसी होती है कि हमला करने वाला सैनिक और इस्तेमाल किया गया हथियार सामने दिखाई तक नहीं देता। भविष्य में दुश्मन हमारे ट्रैफिक सिस्टम, संचार नेटवर्क या सीसीटीवी कैमरों को भी नियंत्रित करने की कोशिश कर सकता है। इसलिए हमें पारंपरिक युद्ध के साथ-साथ साइबर और तकनीकी युद्ध की गहरी समझ विकसित करनी होगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 217वें कोर्स के कैडेट्स को देश की संप्रभुता के नए रक्षक के रूप में बधाई देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण समाप्त हुआ है, लेकिन असली जिम्मेदारी अब शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना हमेशा देश की सुरक्षा की ढाल और तलवार दोनों रही है। उन्होंने कैडेट्स से कहा कि वे बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालें, नई तकनीकों को अपनाएं (Adopt) और जरूरत पड़ने पर अपनी रणनीतियों में बदलाव  भी करें। आज के दौर में सफलता के लिए केवल कड़ी मेहनत ही काफी नहीं है, बल्कि स्मार्ट वर्क और नवाचार सबसे बड़ी कुंजी हैं।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक और अदम्य साहस को भी याद किया। उन्होंने कहा श्रीनगर एयरलिफ्ट ने पूरे युद्ध की दिशा बदलकर रख दी थी। ढाका पर किए गए निर्णायक और सटीक हवाई हमलों ने नया इतिहास रच दिया था। हालिया 'ऑपरेशन सिंदूर' का विशेष उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि वायुसेना ने आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त करने में अपनी स्पष्ट रणनीति और अचूक सटीकता का परिचय दिया है। उन्होंने गर्व से कहा कि इस अभियान की सफलता के पीछे न केवल भारत के स्वदेशी रक्षा प्लेटफॉर्म थे, बल्कि हमारे प्रशिक्षित, साहसी और अनुशासित वायुसेना अधिकारियों का भी अद्वितीय योगदान था। आधुनिक सैन्य अभियानों की सफलता हमेशा तकनीक और मानव क्षमता के बेहतरीन संतुलन पर निर्भर करती है। राजनाथ सिंह ने जोर देकर कहा कि दुनिया में होने वाला हर नया संघर्ष अपने साथ एक नई सीख लेकर आता है। आने वाले समय में केवल वही सेनाएं विजयी होंगी, जो तेजी से बदलती तकनीकों को समझकर उनका प्रभावी और आक्रामक उपयोग कर सकेंगी। उन्होंने भरोसा जताया कि एयर फोर्स अकादमी का कड़ा प्रशिक्षण इन कैडेट्स को किसी भी अप्रत्याशित चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम बनाएगा। भारत इसी दूरदर्शी सोच के साथ अपनी तीनों सेनाओं को लगातार आधुनिक और आत्मनिर्भर बना रहा है।