नैनीताल में शिक्षा विभाग का कार्य बहिष्कार जारी! देहरादून निदेशालय घटना के विरोध में कर्मचारियों ने सुरक्षा की उठाई मांग
नैनीताल। देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई कथित मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के विरोध में नैनीताल का प्रारंभिक शिक्षा विभाग लगातार तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार पर रहा। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक सरकार उनकी और उनके अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों का आरोप है कि हाल ही में देहरादून में निदेशक अजय कुमार नौडियाल के कार्यालय में सरकारी कार्य के दौरान व्यवधान डाला गया, मारपीट की गई और तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले में विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर आरोप लगाए गए हैं। घटना के विरोध में प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर प्रदेशभर में कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार शुरू किया है, जिसका असर नैनीताल में भी साफ दिखाई दे रहा है। कार्यालयों में ताले लटके हैं और आमजन को भी जरूरी कार्यों के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि सरकारी कार्यालयों में ही अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं, तो निष्पक्ष और निर्बाध कार्य कैसे संभव होगा। वहीं शासन स्तर पर अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल शिक्षा विभाग के कामकाज पर इसका व्यापक असर पड़ रहा है।