दिवंगत एनसीपी नेता अजित पवार की अस्थियां पहुंची हरिद्वार, वीआईपी घाट पर गंगा में की गई प्रवाहित
हरिद्वार। दिवंगत एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियां बुधवार को हरिद्वार लाई गईं। परिजन और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में धार्मिक विधि-विधान के साथ वीआईपी घाट पर गंगा नदी में अस्थि विसर्जन किया गया। इस दौरान माहौल शोकाकुल रहा और उपस्थित लोगों ने नम आंखों से दिवंगत नेता को अंतिम विदाई दी।
एनसीपी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष धीरज शर्मा अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने बताया कि गंगा में अस्थि विसर्जन से आत्मा को शांति मिलती है, इसी आस्था के साथ हरिद्वार में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अस्थियां गंगा में प्रवाहित की गईं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन एक भयानक विमान हादसे में हो गया था। बताया गया कि वह बारामती में एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान लैंडिंग से पहले उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई थी। अस्थि विसर्जन के दौरान स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। एनसीपी नेताओं और समर्थकों ने दिवंगत नेता के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।