प्रशासन का बड़ा फैसलाः नैनीताल में गैस वितरण व्यवस्था में बदलाव! अब डोर-टू-डोर सिस्टम से मिलेगा घरेलू सिलेंडर
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर अब घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण सीधे एजेंसी परिसर से नहीं किया जाएगा, बल्कि उपभोक्ताओं तक डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। दरअसल पिछले कुछ दिनों से गैस की ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं में लगातार दिक्कतें सामने आ रही थीं। अत्यधिक फोन कॉल और तकनीकी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शनिवार सुबह से ही नैनीताल स्थित पर्वत गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आए, जबकि कई उपभोक्ता ओटीपी नंबर नहीं मिलने के कारण परेशान दिखाई दिए। इन हालातों को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार अंकित भट्ट ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी कर गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए। प्रशासन ने साफ कहा है कि बिना बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे घरेलू सिलेंडरों का वितरण एजेंसी से सीधे न करते हुए डोर-टू-डोर सिस्टम के जरिए ही करें। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से भीड़भाड़ कम होगी और उपभोक्ताओं को अपने घर पर ही सुरक्षित और सुगमता से गैस सिलेंडर मिल सकेगा। जिला प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही गैस बुकिंग करें और अनावश्यक रूप से एजेंसी परिसर में भीड़ न लगाएं, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।