रुद्रपुर में फिर गरमाया टीडीसी का मामला! पूर्व विधायक ठुकराल ने समर्थकों संग गांधी पार्क में किया प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग
रुद्रपुर। उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम में भ्रष्टाचार, घोटालों व पंतनगर हवाई अड्डे के सीमा विस्तार की जद में आ रहे भवनों, आवासीय परिसरों, विभिन्न कार्यालयों व मशीनरी की निविदा घाटोले के विरोध में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में गांधी पार्क में धरना दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि उत्तराखण्ड बीज एवं तराई विकास निगम के बीज भारत में एक विशिष्ट पहचान रखते हैं, परन्तु कुछ अधिकारियों व नेताओं ने टीडीसी की ऐतिहासिक पहचान व धरोहर को समाप्त कर दिया है। पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि सत्तारुढ पार्टी के कुछ नेताओं के दबाव में लोकनिर्माण विभाग से अत्यन्त कम दरों का मूल्याकंन करा कर टीडीसी को व राज्य सरकार की सम्पत्ति को अधिकारियों की मिलीभगत से चूना लगाया गया है। ठुकराल में कहा कि जो अधिकारी 4 से 6 माह के लिए हल्द्वानी जेल में बंद रहे उन्हीं भ्रष्ट अधिकारियों को उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम अस्तित्व समाप्त करने और वर्तमान घोटाले का जिम्मा दिया गया है। जो अरबों रुपये से टीडीसी के साम्राज्य को कौड़ियों के रेट में अपने भ्रष्टाचार के चलते बेच रहे हैं। ठुकराल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कहा कि वे टीडीसी घोटाले की सीबीआई जांच करवांए।