उत्तराखंड के सूरज पंवार वर्ल्ड रेस वाकिंग चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
उत्तराखंड के युवा धावक सूरज पंवार को 11 सदस्यीय भारतीय टीम के लिए चुना गया है जो ओमान में विश्व रेस वॉकिंग चैंपियनशिप में भाग लेगी। टीम में चयन के बाद सूरज पंवार ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है।
नए रिकार्ड बनाने के साथ जीते कई पदक-
देहरादून के प्रेमनगर निवासी सूरज पंवार ने वर्ष 2018 में यूथ ओलिंपिक में पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया था। सूरज पंवार यूथ ओलिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए थे। इसके बाद से सूरज ने अपने सफर में पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में सूरज ने नए रिकार्ड बनाने के साथ कई पदक जीते।वर्ल्ड रेस वाकिंग चैंपियनशिप की 20 किमी वाक रेस स्पर्धा में सूरज पंवार को पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसमें खास बात यह भी है कि सूरज पंवार सीनियर वर्ग में देश से बाहर पहला टूर्नामेंट खेलने जा रहें हैं। ऐसे में देश के बाहर उनके प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।सूरज पंवार ने भी इस चुनौती को स्वीकार करते हुए अपनी तैयारियों में तेजी ला दी है। सूरज रोजाना सुबह व शाम अपने कोच अनुप बिष्ट के निर्देशन में महाराणा प्रताप स्पोट्र्स कालेज स्थित एक्सीलेंस विंग में अभ्यास कर रहें हैं। सूरज का कहना है कि बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयारियों भी बड़ी करनी होती है, इसी तैयारी में जुटा हुआ हूं।
रेश्मा व चंदन सिंह भी टीम में शामिल-
वर्ल्ड रेस वाकिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड के दो और खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें दस किमी वाक रेस के लिए देहरादून निवासी रेश्मा पटेल और 35 किमी वाक रेस के लिए नैनीताल निवासी चंदन सिंह का चयन भी हुआ है।