छात्रसंघ चुनावः छात्रों की सरकार के लिए हुआ मतदान! कहीं उत्साह तो कहीं प्रत्याशियों में झड़प, अब नतीजों का इंतजार
देहरादून। उत्तराखंड के महाविद्यालयों में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव को लेकर दिनभर गहमागहमी रही। देहरादून, मसूरी, हल्द्वानी, रुद्रपुर और बाजपुर समेत विभिन्न कॉलेजों में सुबह से ही छात्र-छात्राओं में मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। मतदान केंद्रों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सक्रियता के बीच दोपहर तक मतदान प्रक्रिया जारी रही। अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। इधर छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मसूरी के एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यहां सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ। अध्यक्ष, महासचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए कुल 366 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सहसचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य के पदों पर एनएसयूआई के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी, मसूरी छात्र संगठन और एनएसयूआई के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रहा। तीनों संगठन अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। मतदान केंद्र पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की आवाजाही बनी रही और चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर में माहौल गर्म रहा।
रुद्रपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान, अब नतीजों पर टिकी नजर
रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुआ। यहां चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की। कॉलेज परिसर में पुलिस और पीएसी के जवानों के साथ महिला पुलिसकर्मी, वज्र वाहन और फायर टेंडर भी तैनात किए गए। दोपहर 12 बजे तक यहां 1,837 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान मतदान प्रतिशत 23.8 प्रतिशत रहा। मतदान केंद्र और उसके आसपास पुलिस की लगातार निगरानी बनी रही। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया। एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। संवेदनशील कॉलेजों और क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घुड़सवार दस्ते और दंगा-रोधी वज्र वाहन भी तैनात किए गए। पुलिस ने छात्रसंघ चुनाव के दौरान पहले विवाद या असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को भी चिन्हित किया। ऐसे लोगों के खिलाफ बाउंड डाउन की कार्रवाई की गई, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। एसएसपी के अनुसार थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से कॉलेज परिसरों का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो दिन पहले सभी थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक भी की गई थी। प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों में मतदान संपन्न होने के बाद अब छात्र संगठनों और प्रत्याशियों की नजर चुनाव परिणामों पर है। कहीं मुकाबला त्रिकोणीय रहा तो कहीं सीधे मुकाबले ने चुनावी उत्सुकता बढ़ाई। पुलिस-प्रशासन की कोशिश रही कि मतदान के दौरान किसी तरह का विवाद न हो और छात्र अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सकें। अब परिणाम सामने आने के साथ ही छात्र राजनीति में नई तस्वीर साफ होगी।
एमबीपीजी कॉलेज में प्रत्याशियों के बीच झड़प
हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में मतदान के दौरान अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच झड़प की सूचना से हंगामा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी क्राइम और एसपी सिटी ने कॉलेज पहुंचकर प्रत्याशियों को कड़ी फटकार लगाई और चुनावी नियमों का पालन करने की हिदायत दी। कॉलेज के बाहर अनावश्यक रूप से जुटी भीड़ को भी पुलिस ने वहां से हटाया। एमबीपीजी कॉलेज में अध्यक्ष समेत 11 पदों के लिए सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के धीरज बिष्ट, एनएसयूआई के मेहुल शाह और निर्दलीय आर्यन बेलवाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहा। चुनाव से पहले प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। पारंपरिक पोस्टर, बैनर और प्रचार वाहनों के अलावा इस बार कलाकारों और मनोरंजन कार्यक्रमों के जरिए भी मतदाताओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई। इसे लेकर छात्र राजनीति में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं।
नैनीताल डीएसबी कैंपस में चुनाव को लेकर दिखा जबरदस्त उत्साह
डीएसबी कैम्पस में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू हुए धीमे मतदान के बाद दोपहर 2 तक जबरदस्त वोटिंग हुई है। इस दौरान जहां मतदान को लेकर छात्र छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वहीं शांति पूर्ण और निष्पक्ष मतदान को लेकर कालेज प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कालेज के सभी प्रवेश द्वारों पर सघन चैकिंग अभियान और आई कार्ड चैक करने के बाद ही छात्रों को कॉलेज परिसर में प्रवेश दिया गया। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित 7 पदों के लिए छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव अधिकारी प्रो. मनोज आर्या ने बताया कि नैनीताल मस्जिद तिराहे सहित कालेज कैम्पस में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वही निष्पक्ष मतदान कराने को लेकर अधिकारी व पुलिस बल लगातार कॉलेज परिसर और मतदान स्थल का निरीक्षण करते रहे। देर शाम तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।