Sep 30, 2026 Login

उत्तराखण्डः देहरादून डीएवी पीजी कॉलेज में मतगणना के दौरान बवाल! एनएसयूआइ-अभाविप कार्यकर्ता भिड़े, गेट का ताला तोड़कर परिसर में घुसे कार्यकर्ता

Uttarakhand: Chaos during vote counting at Dehradun's DAV PG College! NSUI and ABVP activists clashed; activists broke the gate lock and stormed the campus.

देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की मतगणना के दौरान मतपत्रों की वैधता को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एनएसयूआइ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर मतदान स्थल पर रखी टेबलें पलट दी गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को मौके से हटाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ कार्यकर्ता पुलिस से भी उलझ गए। मतगणना के दौरान मतपत्र की वैधता को लेकर दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मतदान स्थल पर रखी गई टेबलें पलट दी गईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने और उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। हालांकि, विवाद थमने के बजाय कुछ देर तक और बढ़ता रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी तीखी स्थिति बन गई। विवाद के बाद दोनों संगठनों के कुछ कार्यकर्ता मतगणना टेबल तक पहुंच गए। वहां भी हंगामा शुरू हो गया। मतगणना प्रक्रिया प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को मतगणना स्थल से बाहर खदेड़ दिया। पुलिस की सख्ती के बाद कुछ समय के लिए स्थिति नियंत्रित हुई, लेकिन कॉलेज परिसर में तनाव बना रहा। कुछ देर बाद कॉलेज में फिर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। मतगणना के दौरान विवाद की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में एनएसयूआइ और कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेज पहुंच गए। उस समय कॉलेज का मुख्य गेट बंद था। कार्यकर्ताओं ने गेट खोलने का प्रयास किया और धक्का देकर वहां लगा ताला तोड़ दिया। इसके बाद वे परिसर के भीतर प्रवेश कर गए। गेट पर सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग भी कार्यकर्ताओं के प्रवेश के दौरान गिरा दी गई। आसपास रखी कुर्सियां भी पलट गईं। अचानक बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के परिसर में पहुंचने से कॉलेज में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए कार्यकर्ताओं को परिसर से बाहर निकाला और मुख्य गेट को दोबारा बंद कराया। मतगणना के दौरान लगातार बढ़ते विवाद और दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के कारण डीएवी पीजी कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी रही। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मतगणना स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ाई गई, ताकि किसी भी स्थिति में मतगणना प्रक्रिया दोबारा बाधित न हो।