जीरो टॉलरेंस पर सख्त संदेश: रिश्वतखोर एएसआई अनवर अहमद को एसएसपी ने किया सस्पेंड
रुद्रपुर। प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “जीरो टॉलरेंस नीति” को जमीन पर लागू करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को दिनेशपुर थाने में तैनात अपर उपनिरीक्षक अनवर अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विजिलेंस द्वारा रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के कुछ ही घंटों बाद एसएसपी ने यह सख्त कदम उठाकर विभाग के भीतर कड़ा संदेश दिया है।
आपको बात दें दिनेशपुर थाने में तैनात एएसआई अनवर अहमद एक बिजली चोरी के मुकदमे को रफा-दफा करने की एवज में शिकायतकर्ता से ₹15,000 की रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता की सूचना पर सतर्कता विभाग (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने जाल बिछाया और एएसआई को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले एक साल से अधिक समय से दिनेशपुर थाने में जमा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में निलंबन की कार्रवाई करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद पुलिस में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, कदाचार या अनुशासनहीनता को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम जनता की सेवा करना है, न कि उन्हें परेशान करना। यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी मर्यादा लांघकर भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध इसी तरह का कठोर एक्शन लिया जाएगा। वही विजिलेंस और जिला पुलिस की इस संयुक्त सक्रियता ने ऊधम सिंह नगर पुलिस विभाग के उन कर्मियों में हड़कंप मचा दिया है जो पद का दुरुपयोग करते हैं। हाल के दिनों में सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों से विभाग की छवि पर सवाल उठ रहे थे, जिसे सुधारने के लिए एसएसपी ने कमान संभाल ली है।