अवैध खनन पर एसएसपी ऊधमसिंहनगर का सख्त एक्शन! शक्तिफार्म चौकी के प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

SSP Udham Singh Nagar Takes Strict Action Against Illegal Mining! Eight Police Personnel, Including the In-charge of Shakti Farm Outpost, Sent to Reserve Lines.

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जनपद में अवैध खनन को लेकर पुलिस महकमे में सख्त संदेश देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें सामने आने और पुलिस की लापरवाही पाए जाने पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी के पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी अजय गणपति ने सख्ती से संज्ञान लिया और क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश न लगा पाने तथा ड्यूटी के प्रति उदासीनता बरतने को गंभीर लापरवाही माना। जांच में प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद यह कार्रवाई की गई। एसएसपी के आदेश पर शक्तिफार्म चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट सहित कुल आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है और अन्य थाना-चौकी प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जनपद में किसी भी कीमत पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधि पाई जाती है और संबंधित पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करें। एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई को जिले में अवैध खनन के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।