भाखड़ा पुल पर काल बनी रफ्तार: पिकअप ने स्कूटी को रौंदा, 20 साल की भावना की मौत,सहेली गंभीर
हल्द्वानी | नैनीताल जिले के हल्द्वानी-कालाढूंगी रोड पर स्थित भाखड़ा पुल के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पिकअप और स्कूटी के बीच हुई भीषण आमने-सामने की भिड़ंत में 20 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल है। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं और क्षेत्र में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, चकलुवा निवासी 20 वर्षीय भावना रावत अपनी सहेली नेहा जोशी (निवासी लामाचौड़) के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थीं। जैसे ही वे भाखड़ा पुल के समीप पहुंचीं, कालाढूंगी की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवतियां लहूलुहान होकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और 108 एंबुलेंस की टीम स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी ले गई। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद भावना रावत को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नेहा जोशी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। भावना की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर का चिराग बुझने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा पिकअप चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार का नतीजा लग रहा है। भाखड़ा पुल के पास लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और ओवरस्पीडिंग पर लगाम लगाने की मांग की है।