Aug 23, 2026 Login

हरिद्वार में काल बनी रफ्तार: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक में लगी आग, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

Speed ​​Turns Deadly in Haridwar: Bike Catches Fire After Collision with Unidentified Vehicle; Two Friends Meet Tragic End

हरिद्वार। धर्मनगरी के बहादराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलीपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें भीषण आग लग गई। इस हृदय विदारक दुर्घटना में पूर्व ग्राम प्रधान के बेटे समेत दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार अलीपुर निवासी राहुल (पुत्र रामवीर) और राजकमल (पुत्र राजेंद्र कुमार) देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। गांव के करीब पहुंचते ही अंधेरे का फायदा उठाकर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में तत्काल आग लग गई और वह देखते ही देखते जलकर राख हो गई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर लहुलूहान होकर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही हादसे की खबर अलीपुर गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंची भीड़ ने दोनों युवकों के शवों को जलती हुई बाइक से दूर किया। मृतकों में से एक पूर्व ग्राम प्रधान का बेटा था, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में चूल्हे तक नहीं जले। सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है। बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया, "प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार का लग रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों और खराब लाइटिंग की समस्या को उजागर कर दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।