सनसनीखेजः निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिला नेपाली मूल के मजदूर का कंकाल! लंबे समय से था बीमार, एलआईयू की गुप्त सूचना पर खुला राज

 Sensational: Skeleton of Nepali laborer found in under-construction building! He had been ill for a long time, but secret revealed after LIU tip-off

बागेश्वर। बागेश्वर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां कपकोट के मुख्य बाजार स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के भीतर मानव नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि एलआईयू की गुप्त सूचना पर स्थानीय लोगों के साथ पहुंची पुलिस ने जब छानबीन की, तो मृतक की पहचान नेपाली मूल के मजदूर के रूप में हुई। बीमार होने के कारण मजदूर की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। रविवार को एलआईयू के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि नगर के मुख्य बाजार में लंबे समय से रुकी हुई एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर मानव नर कंकाल पड़ा है। सूचना मिलते ही एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में थाने की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे इलाके को सुरक्षित कर दिया। सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के मजदूर विनोद ;के रूप में हुई है। वह पिछले लंबे समय से कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा था। विनोद के बारे में जानकारी मिली है कि वह पहले एक मंदिर में रहता था, लेकिन बाद में बीमारी के चलते उसने नदी किनारे स्थित इस निर्माणाधीन बिल्डिंग में शरण ले ली थी। लंबे समय से बीमार होने के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है, जिससे मौत काफी पुरानी प्रतीत हो रही है। पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भर दिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। सीओ शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की सूचना दी जा सके।