सनसनीखेज वारदातः पौड़ी में युवक पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास! 45 फीसदी झुलसा, आरोपी फरार

Sensational incident: A young man was doused with petrol and burned alive in Pauri! He suffered 45% burns and the accused is absconding.

थलीसैंण। पौड़ी जिले के थलीसैंण थाना क्षेत्र अंतर्गत रौली गांव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां आपसी विवाद के चलते एक युवक पर कथित तौर पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह का गांव के ही आनंद सिंह से उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि आनंद सिंह ने वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़क दिया और उसे आग लगाने की कोशिश की। पेट्रोल के संपर्क में आते ही युवक आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से झुलसे वीरेंद्र सिंह को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों के अनुसार वीरेंद्र सिंह करीब 45 फीसदी तक झुलस गया है, हालांकि फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पीड़ित के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी ने बताया कि आरोपी आनंद सिंह घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस जांच में यह मामला प्रारंभिक तौर पर आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान आरोपी का हाथ भी झुलस गया है, जिससे पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द गिरफ्त में आ सकता है।