सनसनीखेज वारदातः राजधानी देहरादून में महिला का शव मिलने से हड़कंप! शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
देहरादून। राजधानी देहरादून से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चूना भट्ठा के पास एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला के शरीर पर चोट के निशान हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या की गई होगी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस मृत महिला की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। ये घटना देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र की है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि शव तीन से चार दिन पुराना हो सकता है। महिला का शव मिलने के बाद आसपास के इलाके में दशहत का माहौल है। बताते चलें कि देहरादून में जनवरी के अंदर और फरवरी की शुरुआत में 5 दिन के अंदर 3 महिलाओं का मर्डर हो चुका है। सबसे पहले 29 जनवरी को विकासनगर इलाके में 18 साल की छात्रा की निर्मम हत्या हुई थी। हत्यारे ने छात्रा की उंगलियां, नाक और गला काट दिया था। इसके बाद भारी पत्थर से उसके सिर को कुचल दिया था। 31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में घर में अकेली रहने वाली एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं 2 फरवरी को देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में मच्छी बाजार इलाके में एक 23 साल की युवती की निर्मम हत्या कर दी गई थी। हत्या आरोपी ने युवती की गर्दन काटकर इस वारदात को अंजाम दिया था।