सनसनीखेजः पत्नी और मासूम बच्चे को कमरे में बंद कर युवक ने लगाई फांसी! परिवार में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

Sensational: A young man hanged himself after locking his wife and innocent child in a room! The family is in turmoil, and the police are investigating.

देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक 24 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना से पहले युवक ने अपनी पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। मामला रायपुर क्षेत्र के सुन्दरवाला इलाके का है, जहां मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक युवक ने अपने घर के अंदर खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पाया कि परिजन युवक को फंदे से नीचे उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा चुके थे। तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस की फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की गई और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई भी पूरी की गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी नवंबर 2024 में प्रेम विवाह के रूप में हुई थी और वह पेशे से ड्राइवर था। सूत्रों के अनुसार युवक और उसकी पत्नी के बीच कुछ समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि इस घटना के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।