सनसनीखेजः दिल्ली के सफदरजंग में जज की संदिग्ध मौत! बाथरूम में मिला शव, परिजनों से पूछताछ जारी

Sensational: A judge dies in Delhi's Safdarjung Hospital under suspicious circumstances! Body found in bathroom; family questioning underway

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां दक्षिणी हिस्से स्थित ग्रीन पार्क इलाके में एक न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सचिव के पद पर तैनात थे। जानकारी के अनुसार सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर 34 के तहत पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए पते पर पहुंची। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि अमन कुमार शर्मा का शव उनके घर के बाथरूम में मिला है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना मृतक के जीजा शिवम द्वारा दी गई, जो डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में रहते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस परिजनों व करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वजह सामने आ सके। जानकारी के अनुसार अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी। उन्होंने वर्ष 2018 में पुणे स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी और अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की थी। अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में फुल-टाइम सचिव के पद पर कार्यरत थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी साजिश या आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन जांच को व्यापक रखते हुए हर संभावित पहलू को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।