रुद्रपुरः मकान को लेकर विवाद! देवर ने किया कब्जा तो पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला, आत्मदाह की चेतावनी से मचा हड़कंप
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला हाथ में ज्वलनशील पदार्थ लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गयी। जैसे ही महिला कार्यालय गेट में पहुंची तो पुलिस कर्मियों ने उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर उसे एसपी सिटी के समक्ष पेश किया। जहां पर उन्होंने महिला की हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद महिला शांत हुई। शनिवार को आवास विकास निवासी राज बाला जैन बोतल में पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने की बात कहते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंची। इस दौरान हरकत में आई पुलिस और खुफिया कर्मियों ने महिला पुलिस की मदद से राज बाला को पकड़ा और सीधे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के समक्ष ले गए। जहां राज बाला ने एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, पंतनगर सीओ डीआर वर्मा, ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष मोहन चंद्र पांडे को बताया कि उसके साथ देवर का परिवार 28 साल तक रहा। बाद में उन्होंने जयनगर, दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप के आनंद विहार में मकान बना लिया। तीन साल पहले देवर परिवार के साथ रहने के लिए आनंद विहार कालोनी ट्रांजिट कैंप चला गया। आरोप लगाया कि अब देवर उसके मकान पर कब्जा करना चाहता है। जिससे विवाद चल रहा है और मामला कोर्ट में भी चल रहा है। शुक्रवार को आवास विकास चौकी पुलिस ने उसे चौकी बुलाया था। जब वह चौकी पहुंची तो देवर ने आवास विकास के पार्षद और एक विधायक के पुत्र की मदद से आवास विकास पुलिस की मिलीभगत से उसके मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। राज बाला जैन ने उसे मकान पर कब्जा दिलाने की मांग की। चेतावनी दी कि मकान पर कब्जा नहीं दिलाया तो वह एसएसपी कार्यालय में आत्मदाह कर लेगी। हांलाकि बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर महिला शांत हुई और वापस घर लौटी। वहीं मामले में एसपी सीटी उत्तम सिंह नेगी बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला कार्यालय पहुंची थी। उसके द्वारा बताया कि उसका देवर मकान पर कब्जा करना चाहता है। मामला कोर्ट में चल रहा है। थाना ट्रांजिट कैंप इंस्पेक्टर और आवास विकास चौकी इंचार्ज को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।