RIT काॅलेज हंगामाः छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन जारी! जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम, प्रिंसिपल के इस्तीफे की चर्चाएं

RIT College uproar: Students continue their protests! Police arrive to investigate, and rumors of the principal's resignation are circulating.

रुद्रपुर। रुद्रपुर के आरआईटी काॅलेज में प्रधानाचार्य द्वारा छात्रा के साथ मारपीट और दुव्र्यवहार करने का मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। इस मामले में जहां शुक्रवार देर शाम छात्र-छात्राओं ने जबरदस्त हंगामा करते हुए कोतवाली में प्रदर्शन किया, वहीं आज दूसरे दिन भी छात्र-छात्राओं ने काॅलेज में धरना प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि जबतक प्रधानाचार्य के खिलाफ सख्त कार्यवाही नहीं होती है, तबतक वह शांत नहीं बैठेंगे। इधर इस मामले में पीड़ित छात्राओं द्वारा पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा गया है। पत्र में कहा गया है कि काॅलेज के प्रिंसिपल द्वारा उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया। यही नहीं पत्र में प्रिंसिपल पर मारपीट और अपमानित करने के आरोप भी लगाए गए हैं। बता दें कि शुक्रवार देर शाम आरआईटी काॅलेज के छात्र सड़क पर उतर आए। इस दौरान छात्रों ने कोतवाली तक पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी की। पीड़ित छात्रा का कहना था कि उसकी दो विषय में बैक आई है। शुक्रवार को वह फार्म भरने काॅलेज गई थी। जब वह कक्षा में आई तो प्रधानाचार्य ने उसे थप्पड़ मार दिए। 

सीओ बोले- जांच के बाद तहरीर के आधार पर होगी कार्यवाही
मामले में सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि कोतवाली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और जांच के बाद तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जायेगी। वहीं आज इस मामले को लेकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। इधर पुलिस द्वारा छात्रा के बयान भी लिए गए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

तो क्या प्रिंसिपल ने दे दिया इस्तीफा?
इधर इस मामले में छात्रों के दो गुट होते दिख रहे हैं। जिसमें एक गुट प्रिंसिपल के समर्थन में दिख रहा है, जबकि दूसरा गुट पीड़ित छात्राओं के साथ है। इधर सूत्रों की मानें तो मामले को लेकर प्रिंसिपल ने अपना इस्तीफा दे दिया है, हांलाकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रिंसिपल के इस्तीफे की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल यह मामला खासा गरमाया हुआ है और छात्र-छात्राओं में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है।