उत्तराखंड कांग्रेस में बगावत के सुर तेजः हरीश रावत के समर्थन में उतरे विधायक धामी! सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी से मचा सियासी घमासान
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में अंदरूनी कलह अब खुलकर सामने आ रही है और हालात बगावत तक पहुंचते नजर आ रहे हैं। 28 मार्च को कांग्रेस में 6 नेताओं की ज्वाइनिंग के बाद शुरू हुआ विवाद अब और गहरा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की नाराजगी के बाद पार्टी के भीतर उनके समर्थक भी खुलकर सामने आ रहे हैं। सूत्रों की मानें तो हरीश रावत रामनगर के नेता संजय नेगी को पार्टी में शामिल कराना चाहते थे, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। इससे नाराज होकर हरदा 15 दिन के राजनीतिक अवकाश पर चले गए। इसके बाद पार्टी में उनके समर्थकों की सक्रियता बढ़ गई है। इस बीच धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने सोशल मीडिया पर खुलकर पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हरीश रावत का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्होंने समर्थकों से सामूहिक इस्तीफे तक की अपील कर दी।
वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल भी हरीश रावत के समर्थन में उतर चुके हैं। दूसरी ओर हरक सिंह रावत के बयान ने विवाद को और हवा दे दी है। हरक सिंह रावत ने हरीश रावत को लेकर कथित विवादित टिप्पणी की, जिसके बाद उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हरीश धामी ने हरक सिंह रावत पर निशाना साधते हुए उन्हें दलबदल करने वाला नेता बताया और 2016 के घटनाक्रम की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि जो एक बार पार्टी को नुकसान पहुंचा चुका है, उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। फिलहाल कांग्रेस के भीतर यह सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के आसार हैं, जिससे पार्टी की एकजुटता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।