राहुल गांधी ने वीडियो कॉल पर सुनी अंकिता भंडारी के माता-पिता की पीड़ा! बोले- मेरे घर के दरवाजे आपके लिए हमेशा खुले हैं, कभी भी आईए

 Rahul Gandhi listened to the anguish of Ankita Bhandari's parents on a video call, saying, "The doors of my house are always open for you. Come anytime."

पौड़ी गढ़वाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को अंकिता भंडारी के माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। खराब मौसम के चलते राहुल गांधी का प्रस्तावित पौड़ी दौरा रद्द हो गया, जिसके कारण दोनों पक्षों की निर्धारित मुलाकात नहीं हो सकी। हालांकि, इसके बावजूद राहुल गांधी ने वीडियो कॉल के जरिए अंकिता के माता-पिता से संवाद स्थापित कर संवेदनशीलता और सहानुभूति का परिचय दिया। राहुल गांधी गुरुवार को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे थे। उनके अल्मोड़ा, पौड़ी गढ़वाल और देहरादून में कई कार्यक्रम निर्धारित थे। लेकिन प्रदेश में खराब मौसम और उड़ान संचालन प्रभावित होने के कारण उन्हें पंतनगर एयरपोर्ट से ही दिल्ली लौटना पड़ा। इसके चलते उनके सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। पौड़ी गढ़वाल के कंडोलिया मैदान में राहुल गांधी की जनसभा प्रस्तावित थी, जहां उन्हें सुनने और देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उनके आगमन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों ने कार्यक्रम पर विराम लगा दिया। इसी दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता की राहुल गांधी से मुलाकात भी तय थी।

यह मुलाकात पौड़ी दौरे के दौरान होनी थी, लेकिन कार्यक्रम रद्द होने के कारण प्रत्यक्ष भेंट संभव नहीं हो पाई। इसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता गणेश गोदियाल की पहल पर वीडियो कॉल के माध्यम से राहुल गांधी और अंकिता के माता-पिता के बीच बातचीत कराई गई। वीडियो कॉल के दौरान अंकिता भंडारी के माता-पिता ने राहुल गांधी के समक्ष अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलने की इच्छा जताई। राहुल गांधी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे जब भी चाहें उनसे मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश गोदियाल के माध्यम से समय तय कर मुलाकात की व्यवस्था की जा सकती है। बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनके घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं और अंकिता के माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय उनसे मिलने आ सकते हैं। उन्होंने परिवार को हर संभव सहयोग और संवेदनशील समर्थन का आश्वासन भी दिया। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक रहा है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। न्याय की मांग को लेकर लगातार आवाज उठती रही है और अंकिता का परिवार भी लंबे समय से विभिन्न मंचों पर अपनी बात रखता आया है। ऐसे में राहुल गांधी की यह बातचीत राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।