Aug 23, 2026 Login

नैनीताल के मंगोली-बजून में शराब की दुकान का विरोध तेज, महिलाओं का अल्टीमेट:सुबह10 बजे तक फैसला नहीं तो चक्का जाम

Protest Against Liquor Shop Intensifies in Mangoli-Bajun, Nainital; Women Issue Ultimatum: If No Decision by 10 AM, Roads Will Be Blocked.

नैनीताल के खुर्पाताल क्षेत्र से सटे मंगोली और बजून में प्रस्तावित शराब की दुकान के खिलाफ ग्रामीणों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने “शराब नहीं रोजगार चाहिए, मधुशाला नहीं पाठशाला चाहिए” जैसे नारों के साथ धरना-प्रदर्शन किया और सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।
मंगलवार को मंगोली में दो दिन तक विरोध जताने के बाद महिलाएं बजून पहुंचीं, जहां उन्होंने शराब की दुकान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित दुकान के पास स्कूल और बाजार क्षेत्र है, जिससे बच्चों के भविष्य और सामाजिक माहौल पर बुरा असर पड़ेगा। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर नशा मुक्ति की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में शराब की दुकानें खोल रही है।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी नैनीताल से मिला और ज्ञापन सौंपा। वहीं खुर्पाताल दौरे पर पहुंचे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के काफिले को रोककर ग्रामीणों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। आयुक्त ने मामले में संज्ञान लेने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने सरकार पर विकास की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में न अस्पताल है, न कॉलेज और न ही रोजगार के साधन, लेकिन शराब की दुकान खोलने का फैसला लिया जा रहा है। महिलाओं ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर क्षेत्र में शराब का ठेका नहीं खुलने देंगी।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि बुधवार सुबह 10 बजे तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे चक्का जाम करेंगे। साथ ही, उन्होंने आगामी चुनावों के बहिष्कार और आंदोलन को पूरे राज्य में फैलाने की भी चेतावनी दी है।
इस बीच, क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है और ग्रामीण एकजुट होकर इसे रुकवाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।