नैनीताल में बिजली संकट से पानी सप्लाई ठप! आक्रोशित लोगों का धरना, 24 घंटे में सुधार की चेतावनी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में बीते तीन दिनों से जारी बिजली संकट ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण शहर में पेयजल व्यवस्था भी चरमरा गई है। हालात ऐसे हैं कि नगर के अधिकांश नल सूखे पड़े हैं और लोगों को पीने के पानी के लिए इधर.उधर भटकना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज स्थानीय व्यापार मंडल और नगरवासियों ने एकजुट होकर नैनीताल विद्युत कार्यालय के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने में नाकाम रहा है। बिजली न होने के कारण जल संस्थान के पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारू नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल पूरे शहर में हालात सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है।