मंगोली में 25 गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप पकड़ी, चालक फरार, पुलिस पर उठे सवाल

Pickup Truck Loaded with 25 Gas Cylinders Seized in Mangoli; Driver Flees, Raising Questions About Police

नैनीताल। मंगोली क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस की चेकिंग के दौरान व्यवसायिक गैस सिलेंडरों से भरी एक पिकअप पकड़ी गई। हालांकि कार्रवाई के बीच ही चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिससे पुलिस की सतर्कता और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, चालक के परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार,सोमवार रात करीब आठ बजे पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूके 04 सीसी 1896 नंबर की एक पिकअप को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 25 व्यवसायिक गैस सिलेंडर मिले। पुलिस ने चालक से सिलेंडरों के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कोतवाल ने बताया कि पिकअप वाहन को सीज कर दिया गया है, जबकि बरामद 25 सिलेंडरों को खाद्य आपूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। दूसरी ओर, चालक के परिजन जितेंद्र ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि काशीपुर से शाम चार बजे ही गेट पास जारी हो चुका था और सिलेंडर नैनीताल के विभिन्न स्कूलों और होटलों में सप्लाई के लिए भेजे जा रहे थे। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना कारण वाहन को रोका और उत्पीड़न किया। इस मामले में एक तकनीकी पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन ने रात नौ बजे मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की, जबकि संबंधित वाहन उससे पहले ही रवाना हो चुका था। ऐसे में नियमों के पालन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।