ऑपरेशन प्रहारः ऊधम सिंह नगर पुलिस का बड़ा एक्शन! 71 लाख की स्मैक बरामद, महिला समेत दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम की संयुक्त कार्रवाई में करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद की गई है। इस दौरान दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरे मामले का खुलासा अजय गणपति ने किया। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। पहली कार्रवाई किच्छा क्षेत्र में की गई, जहां कोतवाली किच्छा पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 133 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर निवासी टिब्बा लालपुर बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके पास से 4000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। दूसरी कार्रवाई रुद्रपुर में बागवाला-रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर की गई। यहां एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह निवासी कपूरपुर थाना मीरगंज, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लेकर आया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है। आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
236 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद, कीमत 71 लाख
दोनों कार्रवाइयों में कुल 236 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 71 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।