आज आएंगी बिजली की नई दरें, उपभोक्ताओं पर बढ़ सकता है बोझ
देहरादून। उत्तराखंड में नए वित्तीय वर्ष के लिए बिजली की दरों का ऐलान आज किया जाएगा। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग मंगलवार को नई टैरिफ दरों की घोषणा करेगा, जो एक अप्रैल से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी। इस फैसले का असर सभी उपभोक्ता श्रेणियों पर पड़ेगा।
ऊर्जा निगमों की ओर से इस वर्ष बिजली दरों में करीब 18.50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड, उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड और पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड ने संयुक्त रूप से यह प्रस्ताव आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया था। यदि प्रस्ताव के अनुरूप दरें बढ़ती हैं, तो आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। दर निर्धारण से पहले आयोग ने विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई आयोजित की थी। 18 फरवरी को कर्णप्रयाग, 20 फरवरी को मुनस्यारी, 23 फरवरी को रुद्रपुर और 27 फरवरी को देहरादून में उपभोक्ताओं और संबंधित पक्षों की राय ली गई। इन जनसुनवाईयों में लोगों ने बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि का विरोध भी जताया था। आयोग के सचिव नीरज सती ने बताया कि सभी सुझावों और आपत्तियों पर विचार करने के बाद दरों का अंतिम निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि नई दरें एक अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी। गौरतलब है कि चुनावी वर्ष में बिजली दरों का मुद्दा काफी संवेदनशील माना जा रहा है। ऐसे में आयोग के सामने संतुलित निर्णय लेने की चुनौती थी। अब सभी की नजरें आज होने वाली घोषणा पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आम जनता को राहत मिलेगी या बिजली बिल में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ेगा।