नैनीताल में गैस किल्लत पर प्रशासन सख्त! एसडीएम ने एजेंसी संचालकों के साथ की बैठक, पुरानी बुकिंग वालों को प्राथमिकता देने के निर्देश
नैनीताल। शहर में रसोई गैस की बढ़ती किल्लत और उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने ब्रहस्पतिवार को गैस एजेंसियों के प्रबंधकों के साथ बैठक की। जानकारी के अनुसार, गैस सिलिंडरों की पर्याप्त आपूर्ति न होने के चलते बृहस्पतिवार को कई क्षेत्रों में गैस वितरण नहीं हो सका। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई। इसी स्थिति को देखते हुए एसडीएम नवाजिश खलिक ने संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी ली।
बैठक में एजेंसी संचालकों ने बताया कि मांग के अनुरूप गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिसके चलते रोस्टर के अनुसार वितरण करना भी मुश्किल हो रहा है। इस पर एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपलब्ध संसाधनों के अनुसार पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से गैस वितरण सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम ने कहा कि सभी एजेंसियां रोस्टर के अनुसार ही सिलिंडरों का वितरण करें और बुकिंग के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी क्षेत्र में 50 सिलिंडरों की बुकिंग है, तो एजेंसियां 55 सिलिंडर लेकर जाएं, ताकि किसी उपभोक्ता को खाली हाथ न लौटना पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सिलिंडरों की कमी हो, तो पुरानी बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके। बैठक में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र बिष्ट, पर्वत गैस एजेंसी की प्रबंधक अंकिता पांडे सहित अन्य गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।