नैनीतालः मंत्री के ‘काम बोलता है’ के दावे पर वायरल वीडियो ने उठाए सवाल! भीमताल में 8 किमी तक डोली में बीमार महिला को ले जाने को मजबूर ग्रामीण, सड़क-स्वास्थ्य सुविधाओं की खुली पोल
नैनीताल। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और सड़क संपर्क को लेकर लंबे समय से उठते रहे सवालों के बीच नैनीताल जिले की भीमताल विधानसभा क्षेत्र से सामने आया एक वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में ग्रामीण एक बीमार महिला को डोली के सहारे पहाड़ी रास्ते से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में चार लोग एक महिला को डोली में लिटाकर दुर्गम पहाड़ी रास्ते से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो बनाने वाला युवक शुरुआत में लोगों से इसे अधिक से अधिक साझा करने की अपील करता है, ताकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय मंत्री राम सिंह कैड़ा तक ग्रामीणों की समस्या पहुंच सके। युवक वीडियो में मंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाता है कि उनका ‘काम बोलता है।’ बताया जा रहा है कि वीडियो भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक के अधौड़ा, कित्तोक और मोड़ा क्षेत्र का है। यहां ग्रामीणों को आज भी कई बुनियादी सुविधाओं के लिए लंबी दूरी और कठिन पहाड़ी रास्तों का सामना करना पड़ रहा है। वीडियो में जिस तरह ग्रामीण एक महिला को डोली के जरिए ले जाते नजर आ रहे हैंए उससे क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक गांव की एक महिला के पैर में फोड़ा हो गया था। घरेलू उपचार से जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो महिला को चिकित्सकीय सहायता के लिए ले जाने की जरूरत पड़ी। महिला चलने की स्थिति में नहीं थी। ऐसे में ग्रामीणों ने डोली की व्यवस्था की और उसे सड़क मार्ग तक पहुंचाने का फैसला किया। ग्रामीणों के अनुसार, महिला को करीब 8 किलोमीटर तक डोली के सहारे ले जाना पड़ा। इस दौरान रास्ता बेहद उबड़-खाबड़ और पथरीला था। कई जगह पहाड़ी ढलानों और जंगल की झाड़ियों के बीच से होकर ग्रामीणों को गुजरना पड़ा। खड़ी पहाड़ी वाली पगडंडी से महिला को डोली में लेकर सड़क तक पहुंचाना ग्रामीणों के लिए आसान नहीं था। बता दें कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में दुर्गम गांवों तक सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना बड़ी चुनौती रहा है। कई गांवों में सड़क मुख्य बस्ती से दूर होने के कारण मरीजों को पैदल रास्तों से सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। गंभीर स्थिति में यही दूरी मरीज और उसके परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। भीमताल विधानसभा क्षेत्र से सामने आया यह वीडियो इसी समस्या को उजागर करता है। महिला को आठ किलोमीटर तक डोली में ले जाने की घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था और सड़क कनेक्टिविटी को लेकर फिर बहस छेड़ दी है।