हल्द्वानी: गौला नदी का रौद्र रूप! अंतिम संस्कार से पहले ही बह गए दो शव
हल्द्वानी। लगातार हो रही तेज बारिश के बीच काठगोदाम के रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गौला नदी के अचानक बढ़े जलस्तर और तेज बहाव की चपेट में अंतिम संस्कार के लिए रखे दो शव आ गए। देखते ही देखते दोनों शव नदी के तेज बहाव में बह गए।
जानकारी के मुताबिक, एक परिवार रुद्रपुर से और दूसरा गौलापार से अंतिम संस्कार के लिए चित्रशिला घाट पहुंचा था। दोनों शव नदी के किनारे चिता के लिए रखे गए थे। इसी दौरान तेज बारिश के चलते गौला नदी का बहाव अचानक बढ़ गया और पानी किनारे तक पहुंच गया। पानी के तेज बहाव में दोनों शव बह गए।
घटना के दौरान घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति नदी के तेज बहाव की चपेट में नहीं आया।एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि दोनों शवों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नदी का बहाव इस समय काफी तेज है और यह हादसा अचानक आई प्राकृतिक आपदा के कारण हुआ है।