नैनीताल: दर्दनाक सड़क हादसा! भवाली-राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, अन्य घायल

Nainital: Tragic road accident! Car falls into 150-meter-deep gorge on Bhawali-National Highway, two dead, others injured

नैनीताल। उत्तराखण्ड के नैनीताल जनपद में आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां भवाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसा उस समय हुआ जब कार में सवार चार दोस्त जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार हादसा हल्द्वानी के पास गेठिया पड़ाव क्षेत्र में हुआ, जहां एक हुंडई कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। इधर हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

प्रत्यक्षदर्शी और समाज सेविका कविता गंगोला ने बताया कि हादसे के वक्त वह अपने घर पर थीं। उन्होंने कार को पहाड़ी से नीचे गिरते हुए देखा, जिसके बाद तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा और पुलिस को सूचना दी। उनके मुताबिक दुर्घटना बेहद भयावह थी और कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें हायर सेंटर ले जाया जा रहा है। मृतकों की पहचान अंकित चौधरी और अभिराज के रूप में हुई है, जबकि अतुल दुबे और श्याम घायल हुए हैं।