नैनीताल को मिलेगी नई पहचान: 'देवभूमि रजत पार्क' के रूप में संवरेगा बोट हाउस क्लब पार्क
नैनीताल | सरोवर नगरी नैनीताल के सौंदर्य में एक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मल्लीताल स्थित प्रसिद्ध बोट हाउस क्लब पार्क इन दिनों अपने नए स्वरूप यानी 'कायाकल्प' के दौर से गुजर रहा है। नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे इस जीर्णोद्धार कार्य के बाद अब यह पार्क 'देवभूमि रजत पार्क' के नाम से जाना जाएगा। 48.69 लाख से होगा आधुनिक सौंदर्यीकरण नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश्व शर्मा ने बताया कि इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 48.69 लाख रुपये की लागत आ रही है। पार्क को न केवल आधुनिक बनाया जा रहा है, बल्कि इसमें देवभूमि की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी। पार्क का निर्माण इस तरह किया जा रहा है कि यह स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बने। ओपन जिम और सेल्फी प्वाइंट होंगे मुख्य आकर्षण पार्क को नया और भव्य रूप देने के लिए इसमें कई विशेष सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। पार्क का प्रवेश द्वार बेहद आकर्षक और भव्य बनाया जा रहा है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए अत्याधुनिक ओपन जिम की सुविधा होगी। टहलने के लिए व्यवस्थित और सुंदर पाथ-वे का निर्माण किया जा रहा है। पर्यटकों की पसंद को देखते हुए एक विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाया जा रहा है, जहाँ से नैनीताल की यादों को कैमरों में कैद किया जा सकेगा। वही मई माह में पर्यटकों के लिए खुलेगा पार्क निर्माण कार्य की प्रगति पर जानकारी देते हुए ईओ रोहिताश्व शर्मा ने बताया कि वर्तमान में लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विभाग की योजना है कि मई माह तक सभी निर्माण कार्यों को अंतिम रूप दे दिया जाए, ताकि गर्मियों के पीक सीजन में यहाँ आने वाले पर्यटक इस नए पार्क का आनंद ले सकें।इस जीर्णोद्धार से न केवल मल्लीताल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि यह नैनीताल के पर्यटन को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा।