नैनीताल: पत्रकारिता विभाग को डीएसबी परिसर से हटाने की आशंका पर फूटा छात्रों का गुस्सा! स्टूडियो और डिजिटल लैब परिसर में ही रखने की मांग, कुलपति को सौंपा ज्ञापन
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित पत्रकारिता एवं जनसंपर्क विभाग को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। विभाग को डीएसबी कॉलेज से विश्वविद्यालय परिसर में स्थानांतरित करने और स्टूडियो व डिजिटल लैब को कैंपस से बाहर प्रशासनिक भवन के निकट स्थापित किए जाने की आशंकाओं पर छात्रों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
कुमाऊं विश्वविद्यालय छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल के नेतृत्व में विभाग के विद्यार्थियों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि पत्रकारिता विभाग, उसका स्टूडियो और डिजिटल लैब डीएसबी परिसर में ही संचालित किए जाएं।
विद्यार्थियों का कहना है कि पत्रकारिता पाठ्यक्रम पूरी तरह व्यावहारिक शिक्षा पर आधारित है। डीएसबी परिसर में होने वाली शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियां विद्यार्थियों के लिए समाचार संकलन, वीडियो निर्माण, संपादन और अन्य प्रायोगिक कार्यों का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में स्टूडियो और लैब को परिसर से बाहर स्थापित करना छात्रों के हित में नहीं होगा। उनका कहना है कि डीएसबी परिसर स्वयं पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए एक वास्तविक प्रयोगशाला की तरह है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विभाग के स्टूडियो और डिजिटल लैब को कैंपस से बाहर स्थापित करने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर टेंडर जारी किए जाने की जानकारी भी छात्रों को मिली है, जिससे उनके बीच असमंजस और चिंता का माहौल है।
छात्र महासंघ अध्यक्ष आशीष कबड़वाल ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वह पहले भी कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभागों के अलग-अलग स्थानों पर संचालित होने से छात्रों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। फीस काउंटर, निदेशक कार्यालय, प्रॉक्टर कार्यालय, डीन स्टूडेंट वेलफेयर सहित अधिकांश प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्थाएं डीएसबी परिसर में ही हैं, इसलिए विभाग, स्टूडियो और लैब का भी यहीं होना आवश्यक है।
कबड़वाल ने बताया कि कुलपति से हुई वार्ता के दौरान उन्हें आश्वासन दिया गया कि पत्रकारिता एवं जनसंपर्क विभाग को डीएसबी परिसर से बाहर स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। साथ ही विभाग का स्टूडियो और डिजिटल लैब भी विभाग के निकट डीएसबी परिसर में ही स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि आश्वासन के बावजूद विभाग को स्थानांतरित किया गया अथवा स्टूडियो और लैब को परिसर से बाहर स्थापित करने का प्रयास हुआ तो छात्र इसके विरोध में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।