नैनीताल: पर्यटन सीजन में पेट्रोल-डीजल की कमी की शिकायत पर एसडीएम का निरीक्षण! पंप में मिला पर्याप्त स्टॉक
नैनीताल। पर्यटन सीजन के दौरान शहर में पेट्रोल और डीजल की कमी की शिकायतों के बीच शनिवार को प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम नवाजिश खलीक ने सूखाताल स्थित पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण कर वहां ईंधन की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंप पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जिससे लोगों में ईंधन की कमी की आशंका बनी हुई थी। एसडीएम ने पेट्रोल पंप के मैनेजर पंकज रौतेला से पेट्रोल और डीजल के स्टॉक तथा सप्लाई व्यवस्था की जानकारी ली। मैनेजर ने बताया कि पंप के तीनों स्टोरेज टैंकों में करीब 29 हजार लीटर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि टैंक आधे होने के चलते अतिरिक्त तेल टैंकर भी मंगाए गए हैं ताकि आपूर्ति बाधित न हो। एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि पेट्रोल पंप पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है और सीमित मात्रा में रोस्टिंग के आधार पर आपूर्ति की जा रही है। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पेट्रोल पंप में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल का स्टॉक पाया गया। हालांकि निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि पेट्रोल पंप परिसर में मरम्मत कार्य चल रहा है, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने पंप प्रबंधन को मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने और उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पर्यटन सीजन के चलते नैनीताल में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पेट्रोल पंपों पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करने की अपील की है।