नैनीतालः शराब की दुकान का विरोध! सुरक्षा और माहौल बिगड़ने की जताई आशंका, महिलाओं का जोरदार प्रदर्शन
नैनीताल। नैनीताल के चारखेत से लेकर नलनी-घटगढ़ क्षेत्र के बीच प्रस्तावित सरकारी मदिरा की दुकान को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और खासकर महिलाओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि 19 मार्च को जैसे ही इस प्रस्ताव की जानकारी सामने आई, उसी समय जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध दर्ज कराते हुए विधायक को लिखित शिकायत भी दी थी। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाना लोगों को बेहद खल रहा है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली जानी है, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर एक स्कूल और पास में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौजूद है। ऐसे संवेदनशील इलाके में शराब की दुकान खुलने से बच्चों के भविष्य और महिलाओं की सुरक्षा पर सीधा असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो वे जिला मुख्यालय तक जाकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि इस फैसले से क्षेत्र में अराजकता, सामाजिक समस्याएं और अपराध बढ़ने की पूरी आशंका है।